धमतरी। छत्तीसगढ़ का धमतरी जिला अब राज्य का पहला मॉडल कार्बन कृषि जिला बनने जा रहा है। जिला प्रशासन और प्रिथु (PRITHU) संस्था के बीच हुए एमओयू के तहत किसानों की आय बढ़ाने, मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने और जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वाकांक्षी पहल शुरू की गई है।
परियोजना के अंतर्गत जिले में 80 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में मृदा कार्बन संवर्धन कार्यक्रम तथा 30 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में एडब्ल्यूडी (AWD) तकनीक आधारित धान उत्पादन कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। संस्था आगामी तीन वर्षों में लगभग 5 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस निवेश से किसानों के प्रशिक्षण, रोजगार सृजन और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रसार को बढ़ावा मिलेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार इन परियोजनाओं से जल संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता और फसल उत्पादकता में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही कार्बन क्रेडिट के माध्यम से किसानों को भविष्य में लगभग 250 करोड़ रुपये तक की अतिरिक्त आय प्राप्त होने की संभावना है।
जिला प्रशासन का कहना है कि यह पहल धमतरी को जलवायु अनुकूल कृषि, सतत विकास और किसान समृद्धि के राष्ट्रीय मॉडल के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।





