धमतरी, 6 फरवरी 2026: धमतरी जिले में शिक्षा और ज्ञान आधारित विकास को नई ऊँचाई प्रदान करने के लिए नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन) का विस्तार किया जा रहा है। पूर्व में 250 सीटर का यह परिसर अब 500 सीटर का अत्याधुनिक बहुमंजिला अध्ययन केंद्र बनेगा।
इस परियोजना की लागत लगभग 11.22 करोड़ रुपये आंकी गई है। नये नालंदा परिसर में शांत और सुव्यवस्थित अध्ययन वातावरण, डिजिटल संसाधन, ई-लाइब्रेरी, वाई-फाई, वातानुकूलित कक्ष, लिफ्ट सुविधा और आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह परिसर विद्यार्थियों और युवाओं के लिए राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु आदर्श केंद्र सिद्ध होगा।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने इसे धमतरी के शैक्षणिक वातावरण को सशक्त करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह परिसर विद्यार्थियों और युवाओं को सशक्त, आधुनिक और संसाधनयुक्त अध्ययन स्थल उपलब्ध कराएगा।
महापौर श्री रामू रोहरा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में सरकार के गठन के बाद सुशासन और विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने भरोसा व्यक्त किया कि धमतरी शिक्षा और अधोसंरचना के क्षेत्र में नई उपलब्धियां प्राप्त करेगा।
परियोजना विवरण:
- 0.60 हेक्टेयर भूमि पर बहुमंजिला लाइब्रेरी निर्माण (ग्राउंड, फर्स्ट, सेकंड और टावर फ्लोर)
- 13 पैसेंजर क्षमता की लिफ्ट और 70 यूनिट एयर कंडीशनिंग सिस्टम
- सी.सी. रोड, पेवर ब्लॉक, बाउंड्रीवाल, गार्ड रूम और भव्य प्रवेश द्वार
- जल आपूर्ति, बोरवेल, आर.सी.सी. नाली, सेप्टिक टैंक
- एल.ई.डी. लाइटिंग, सोलर पैनल, ट्रांसफार्मर, सी.सी.टी.वी. कैमरा, आधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम
- नॉन-एसओआर मद अंतर्गत आधुनिक फर्नीचर, पुस्तकों की समृद्ध व्यवस्था और टेंसाइल रूफ
निर्माण के बाद यह परिसर धमतरी के युवाओं के लिए ज्ञान, अनुशासन और उज्ज्वल भविष्य का सशक्त केंद्र बनकर जिले को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान देगा।





