July 23, 2026

धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6 माह में 980 किलो गांजा, 72.9 ग्राम हेरोइन जब्त; 59 तस्कर गिरफ्तार

धमतरी। धमतरी पुलिस ने वर्ष 2026 के पहले छह महीनों (जनवरी-जून) में मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के 29 मामलों में 59 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान करीब 980 किलोग्राम गांजा और 72.9 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 5.10 करोड़ रुपये है। तस्करी में इस्तेमाल 8 कार, 1 पिकअप और 11 मोटरसाइकिल समेत कुल 5.70 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में ओडिशा और कोंडागांव सीमा से लगे बोरई, कुंदई और विश्रामपुरी ट्राई-जंक्शन क्षेत्रों में विशेष चेक पोस्ट बनाकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। जनवरी से जून के बीच गांजा तस्करी के 23 मामलों में 50 और हेरोइन तस्करी के 6 मामलों में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

धमतरी पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024 और 2025 की तुलना में 2026 के पहले छह महीनों में एनडीपीएस एक्ट के तहत सबसे अधिक कार्रवाई हुई है। पुलिस ने पहली बार SAFEMA के तहत दो मामलों में तस्करों की करीब 36 लाख रुपये की संपत्ति भी राजसात की है। पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन निश्चय” के तहत नशा तस्करों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।