July 29, 2026

Dhamtari News: ऑपरेशन लॉस्ट एंड फाउंड में पुलिस को बड़ी सफलता, 151 गुम मोबाइल मालिकों को लौटाए गए

धमतरी। छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन लॉस्ट एंड फाउंड” अभियान के तहत 151 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंपे गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

मोबाइल चोरी और गुम होने की बढ़ती घटनाओं के बीच धमतरी पुलिस की यह पहल लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। अभियान के दौरान पुलिस ने तकनीकी सहायता और साइबर सेल की मदद से विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए। बरामद मोबाइलों की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।

स्थानीय पुलिस लाइन स्थित कंपोजिट बिल्डिंग में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर, एसपी और महापौर की मौजूदगी में मोबाइल धारकों को उनके फोन लौटाए गए।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं और साइबर पोर्टल का उपयोग करें, ताकि समय रहते मोबाइल ट्रेस किया जा सके।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने धमतरी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया। पुलिस का कहना है कि तकनीक और लगातार प्रयासों के जरिए लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सकता है।