धमतरी। छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कार के अंदर बैठकर मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिला रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से मोबाइल फोन, नगदी और लग्जरी कार समेत करीब 5 लाख 40 हजार रुपये का सामान जब्त किया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पीजी कॉलेज मैदान में एक कार के भीतर बैठकर मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आमित वाधवानी और विजय ग्वालानी उर्फ बब्बू ग्वालानी को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी टाटा नेक्सॉन कार के अंदर बैठकर मोबाइल में “ऑल पैनल एक्सचेंज” ऐप के जरिए आईपीएल मैच पर सट्टा संचालित कर रहे थे।
5.40 लाख रुपये का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो आईफोन, दो अन्य मोबाइल फोन, 5 हजार 200 रुपये नगद और एक टाटा नेक्सॉन कार जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 5 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।
अन्य आरोपियों के खुलासे की संभावना
सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच में ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की भी संभावना जताई जा रही है।





