धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में ऑनलाइन रिश्ते के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के दानीटोला वार्ड में रहने वाले एक युवक को “यूनिक रिश्ते” प्लेटफॉर्म के जरिए शादी का झांसा देकर 14,000 रुपये की ठगी कर ली गई।
पीड़ित रवि कुमार बघेल के पास एक अनजान नंबर से कॉल आया, जिसमें खुद को एक मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म से जुड़ा बताया गया। बातचीत के दौरान युवक को एक लड़की की तस्वीर भेजी गई, जिसे देखकर उसने शादी के लिए सहमति दे दी। इसके बाद रजिस्ट्रेशन और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर UPI के जरिए कई बार पैसे मांगे गए।
करीब एक हफ्ते में युवक से कुल 14 हजार रुपये वसूले गए। बाद में जब उसने लड़की से संपर्क या मिलने की बात की तो जवाब मिला कि लड़की किसी और के साथ चली गई है। इस जवाब से युवक को ठगी का एहसास हुआ।
पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने उसे ऑनलाइन पोर्टल पर भी शिकायत करने की सलाह दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन रिश्तों और अनजान कॉल्स पर भरोसा न करें और किसी भी तरह के पैसे ट्रांसफर करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।





