धमतरी।
धमतरी में आयोजित ‘नशा मुक्ति युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने मंच से स्किल डेवलपमेंट और नई तकनीकों में दक्ष युवाओं की सराहना करते हुए हर स्किल्ड युवा को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
AI के जरिए वेबसाइट बनाकर युवाओं ने पेश की मिसाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने GEN Z का उदाहरण देते हुए कहा कि आज के युवा यदि ठान लें तो रोजगार तलाशने के बजाय खुद रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकते हैं। उन्होंने धमतरी के युवाओं की सराहना करते हुए बताया कि यहां युवाओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से एक वेबसाइट तैयार की है। इतना ही नहीं, उन्होंने जापानी कंपनी Learn e Joy के साथ इंटर्नशिप कर नई तकनीकों के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
नई तकनीक सीखें, खुद बनें रोजगार के सृजनकर्ता
ओपी चौधरी ने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की साय सरकार भी युवाओं को आधुनिक तकनीकों से जोड़कर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। युवाओं को AI और अन्य उभरती तकनीकों में प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में काम करना चाहिए।
युवाओं को दिया भोज का न्योता
वित्त मंत्री ने प्रोत्साहन राशि की घोषणा के साथ सभी युवाओं को अपने साथ भोज के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं के पास छत्तीसगढ़ के विकास को लेकर कोई नया विजन या सुझाव है, तो वे उसे सुनने के लिए हमेशा तैयार हैं। उन्होंने युवाओं से राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया।





