March 3, 2026

धमतरी: होली पर शांति व्यवस्था के लिए पुलिस ने 35 आदतन बदमाशों को तलब कर दी चेतावनी, शपथ दिलाई

धमतरी: होली त्यौहार पर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक ने 35 आदतन और निगरानी में रखे गए बदमाशों को तलब कर सख्त चेतावनी दी। सभी को पुलिस लाईन रूद्री में परेड कराई गई और स्पष्ट किया गया कि क्राइम में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सभी को समझाइश देते हुए समाज की मुख्यधारा में रहकर सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिनका आचरण निरंतर संतोषजनक रहेगा, उन्हें माफी सूची में शामिल करने पर विचार किया जा सकता है। सभी बदमाशों से शांति बनाए रखने की शपथ भी दिलवाई गई।

धमतरी एसपी ने जिले के उभरते गुंडा-बदमाश, असामाजिक तत्व और अड्डेबाजी करने वालों पर विशेष निगरानी रखने और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सभी थाना प्रमुखों को सघन पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च और चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया है। आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं और माइनर एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा।

पुलिस की अपील: धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अनुरोध किया कि होली पर्व आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।