July 23, 2026

धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 480 किलो गांजा जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 480 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। मामले में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। पूरा मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र का है।

नाकेबंदी के दौरान पकड़े गए तस्कर

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस्तर की ओर से एक कार और पिकअप वाहन में भारी मात्रा में गांजा भरकर रायपुर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर श्याम तराई क्षेत्र में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। तलाशी के दौरान सफेद बोरियों में भरा गांजा बरामद हुआ।

480 किलो गांजा जब्त

पुलिस ने दोनों वाहनों से कुल 480 किलोग्राम गांजा बरामद किया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 60 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान रायपुर निवासी नौशाद खान, करण साहू, मोहम्मद सादिक और हिमांशु साहू सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

रायपुर और उत्तर प्रदेश में खपाने की थी साजिश

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि जगदलपुर में सब्जी की खेप खाली करने के बाद पिकअप वाहन में गांजा लोड किया गया था। इसके बाद इसे रायपुर और उत्तर प्रदेश में सप्लाई करने की योजना थी।

नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी गिरोह का नेटवर्क कई जिलों और राज्यों तक फैला हुआ है। मामले में अन्य आरोपियों और सप्लाई चैन की जानकारी जुटाई जा रही है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। वहीं नाबालिग को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।