धमतरी। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में घर निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे में राजमिस्त्री की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राजेंद्र ध्रुव के रूप में हुई है, जो भोथली गांव का निवासी था और पेशे से राजमिस्त्री का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह गांव में एक मकान के निर्माण कार्य में जुटा हुआ था। ईंट जोड़ने के लिए बनाई गई बांस की चैली पर काम करने के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया।
नीचे गिरने से हुई मौत
संतुलन बिगड़ने के बाद राजेंद्र ध्रुव ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना के बाद कुरूद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





