July 23, 2026

धमतरी के रामपुर गांव में भीषण जल संकट, पानी के लिए पलायन को मजबूर ग्रामीण

धमतरी। जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत रामपुर गांव में पिछले दो वर्षों से गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है, जिससे ग्रामीणों का जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। एशिया के बड़े गंगरेल बांध वाले जिले में स्थित यह गांव आज बूंद-बूंद पानी के लिए मोहताज है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में नल जल योजना के तहत पाइपलाइन और टोंटियां तो लगाई गई हैं, लेकिन उनमें पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। हालात ऐसे हैं कि टोंटियों से पानी की जगह सिर्फ हवा निकलती है। मजबूरी में लोग आसपास के गांवों से पानी खरीदकर पीने को विवश हैं, जबकि कई लोग जमीन में गड्ढे खोदकर पानी तलाश रहे हैं।

गांव के लोगों के अनुसार, जिनके पास पैसे नहीं हैं उन्हें पानी भी आसानी से नहीं मिल पाता, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। इस संकट के चलते अब तक चार परिवार गांव छोड़कर पलायन कर चुके हैं, जबकि बाकी परिवार भी कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे हैं।

करीब 25 परिवारों वाले इस गांव में पानी जुटाने में ही दिन का बड़ा हिस्सा निकल जाता है, जिससे उनकी आजीविका पर भी असर पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि रोजमर्रा की मजदूरी और अन्य कामकाज प्रभावित हो गए हैं।

प्रशासन के अनुसार, क्षेत्र में जल स्तर काफी नीचे चला गया है, जिसका कारण लगातार दो फसलों की खेती को बताया जा रहा है। प्रशासन ने ग्रामीणों से डबल फसल न लेने की सलाह भी दी है।

हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो पूरा गांव खाली होने की कगार पर पहुंच सकता है।