July 23, 2026

Dhamtari News: दिनदहाड़े चावल कारोबारी की गला रेतकर हत्या, धारदार हथियार से वार कर बदमाश फरार

धमतरी।

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दिनदहाड़े चावल कारोबारी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर कारोबारी की मौके पर ही हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मामला कुरुद थाना क्षेत्र के ग्राम नारी का है।

वाहन रोककर किया जानलेवा हमला

जानकारी के अनुसार, कारोबारी नीरज साहू बुधवार सुबह रोज की तरह अपने वाहन में चावल लेकर कंडेल से ग्राम नारी की ओर जा रहे थे। नारी पुल के पास पहुंचते ही अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और गले, छाती समेत शरीर के कई हिस्सों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही कुरुद थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान चला रही है।

इलाके में दहशत, हत्या के कारणों की जांच

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के हर पहलू की जांच कर रही है।