धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात जिले में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दो की मौत
पहला हादसा बोरई थाना क्षेत्र के घुटकेल गांव के पास हुआ। यहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रायगढ़ा, ओडिशा निवासी अभय सतनामी और बरमारू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों अपने रिश्तेदार के घर नगरी में आयोजित नहावन कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
कार्यक्रम के बाद तीनों एक ही बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान घुटकेल के पास उनकी बाइक तेज रफ्तार दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
सड़क किनारे घायल मिला युवक, इलाज के दौरान मौत
दूसरी घटना सिहावा थाना क्षेत्र के मल्हारा गांव की है। यहां सुमंत शांडिल्य किसी काम से थाने गया था। वापस लौटते समय गांव के पास वह सड़क हादसे में घायल अवस्था में मिला।
ग्रामीणों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी
दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसों के कारणों की जांच कर रही है और दुर्घटनाओं से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।





