धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के उमर्दा गांव में सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने शव उठाने का विरोध करते हुए 112 वाहन और निजी एंबुलेंस में तोड़फोड़ की। घटना के दौरान हाथापाई भी हुई, जिसमें एंबुलेंस चालक और एक पुलिस अधिकारी के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
अज्ञात हाईवा की चपेट में आए बाइक सवार
जानकारी के अनुसार भैंसमुड़ा निवासी लीलाराम साहू अपने एक साथी के साथ देर रात मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में लीलाराम साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
शव उठाने का विरोध, एंबुलेंस में तोड़फोड़
सूचना मिलने पर 112 वाहन और वंदे मातरम सेवा परिवार की निजी एंबुलेंस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध किया और इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
आरोप है कि कुछ लोगों ने एंबुलेंस चालक के साथ हाथापाई की और एंबुलेंस समेत 112 वाहन को नुकसान पहुंचाया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को भी विरोध का सामना करना पड़ा।
एसआई और एंबुलेंस चालक घायल
घटना के दौरान बीच-बचाव कर रहे एक एसआई और एंबुलेंस चालक के घायल होने की जानकारी मिली है। घायल चालक ने मामले की शिकायत संबंधित थाने में दर्ज कराई है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में पेट्रोलिंग वाहनों की सीमित उपलब्धता के कारण मौके पर पहुंचने में कुछ देरी हुई। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और तोड़फोड़ एवं शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात हाईवा चालक की भी तलाश जारी है।





