धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए किराए के मकान में चल रहे अवैध कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के बैतूल की दो युवतियों और तीन स्थानीय युवकों को हिरासत में लिया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार नंदा हॉस्पिटल गली के पास स्थित एक किराए के मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां होने की शिकायत स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस से की जा रही थी। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने पेट्रोलिंग के दौरान मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो युवतियों और तीन युवकों को पकड़ा। बताया जा रहा है कि पकड़े गए युवक धमतरी जिले के ही निवासी हैं, जबकि युवतियां मध्यप्रदेश के बैतूल क्षेत्र की रहने वाली हैं। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही कॉलोनी के कई लोग सिटी कोतवाली थाना पहुंचे और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है। इस मामले में पुलिस का आधिकारिक बयान अभी सामने नहीं आया है।
हिरासत में लिए गए आरोपियों के नाम:
- सुशील गिलहरे (38), पिता विष्णु गिलहरे, निवासी साल्हेवार पारा, धमतरी
- खुमान साहू (40), पिता दुखूराम साहू, निवासी कर्मा चौक, धमतरी
- लोचन देवांगन (32), पिता राजूराम देवांगन, निवासी रामपुर वार्ड, धमतरी
पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।





