July 23, 2026

धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: परिवार बनकर जा रहे अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार, फरार आरोपी भी दबोचा

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिहावा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में मिली सूचना के आधार पर ग्राम सांकरा फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर एक सफेद रंग की कार (एमएच-27-डीटी-0319) को रोका गया।

तलाशी के दौरान कार में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे सवार मिले। वाहन की डिक्की की जांच में भूरे रंग के सेलो टेप से पैक 18 पैकेटों में कुल 18.626 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों से गांजा परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने मौके से गांजा, कार और तीन मोबाइल फोन जब्त किए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा के बोलांगीर-भवानीपटना क्षेत्र से गांजा खरीदकर महाराष्ट्र में बेचने ले जा रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण रविन्द्र दुबे (34), सोनू प्रवीण खैरकार (29) और पलाश गजभिए (32) निवासी नागपुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ थाना सिहावा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अस्पताल से फरार, शाम तक फिर गिरफ्तार
गिरफ्तारी के बाद मेडिकल परीक्षण के लिए आरोपियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपी पलाश गजभिए हथकड़ी ढीली कर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। सूचना मिलते ही जिलेभर में हाई अलर्ट जारी किया गया और विशेष टीमों को तलाश में लगाया गया। दिनभर चली नाकाबंदी और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने शाम तक उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया।

छह सप्ताह में सात बड़ी कार्रवाई
धमतरी पुलिस के मुताबिक पिछले छह सप्ताह में गांजा तस्करी के खिलाफ सात बड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। हाल ही में अर्जुनी थाना पुलिस ने 490.818 किलोग्राम गांजा और करीब 2.60 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर जिले की पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था। पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के जरिए अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई जारी है। मामले में अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।