धमतरी। जिले के कंडेल स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल की एक कक्षा में अचानक कोबरा नाग निकलने से हड़कंप मच गया। कक्षा में सांप दिखाई देते ही छात्र-छात्राओं के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि विद्यार्थियों ने पहले सांप के फुफकारने की आवाज सुनी, जिसके बाद उनकी नजर कक्षा में मौजूद कोबरा पर पड़ी।
कोबरा को देखते ही छात्र डर गए और तत्काल स्कूल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी गई। घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने स्नेक रेस्क्यूअर को मौके पर बुलाया।
सावधानी से किया कोबरा का रेस्क्यू
सूचना मिलते ही स्नेक रेस्क्यूअर स्कूल पहुंचा और काफी सावधानी के साथ कक्षा में मौजूद कोबरा का रेस्क्यू किया। सांप को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की प्रक्रिया पूरी की गई।
कोबरा के कक्षा से बाहर निकलने के बाद छात्रों और स्कूल प्रबंधन ने राहत की सांस ली। इस घटना के दौरान किसी छात्र या स्कूल कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।





