July 31, 2026

Dhamtari News: नए शिक्षा सत्र को रफ्तार, 123 संकुलों तक पहुंचीं पाठ्यपुस्तकें

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नए शिक्षा सत्र को सुचारु बनाने के लिए प्रशासन ने पाठ्यपुस्तकों के वितरण अभियान में तेजी ला दी है। लक्ष्य है कि प्रत्येक छात्र-छात्रा को समय पर किताबें उपलब्ध हों, ताकि पढ़ाई बिना किसी बाधा के शुरू हो सके।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशों के अनुसार शिक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए जिले के 168 संकुल केंद्रों में से अब तक 123 केंद्रों तक पाठ्यपुस्तकें पहुंचाई जा चुकी हैं। शेष 45 संकुल केंद्रों में 30 जून तक वितरण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कक्षा 4 और 7 के पाठ्यक्रम में बदलाव

इस शैक्षणिक सत्र में कक्षा 4 और 7 के पाठ्यक्रम में बदलाव किया गया है। नई पुस्तकों के अनुरूप शिक्षकों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को अद्यतन पाठ्यक्रम के अनुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

जहां किताबें नहीं पहुंचीं, वहां वैकल्पिक व्यवस्था

जिन स्कूलों में नई पाठ्यपुस्तकें अभी तक नहीं पहुंची हैं, वहां वैकल्पिक अध्ययन सामग्री और अभ्यास पुस्तिकाओं के माध्यम से नियमित पढ़ाई जारी रखी गई है।

10 जुलाई तक पूरा होगा वितरण

प्रशासन के अनुसार, पीएमश्री और स्वामी आत्मानंद स्कूलों की पुस्तकें उपलब्ध होते ही प्राथमिकता के आधार पर वितरित की जाएंगी। वहीं, गैर अनुदान प्राप्त निजी विद्यालयों के लिए कक्षा 1 से 10 तक की हिंदी और अंग्रेजी माध्यम की निःशुल्क पुस्तकों का वितरण 5 से 9 जुलाई के बीच विकासखंडवार किया जाएगा। जिला प्रशासन ने 10 जुलाई तक पूरी वितरण प्रक्रिया समाप्त करने का लक्ष्य तय किया है।