July 23, 2026

धमतरी का ठेनही बना जिले का पहला ‘सोलर गांव’, 71 परिवारों को मिलेगी मुफ्त बिजली

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले का ग्राम ठेनही अब हरित ऊर्जा की नई पहचान बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री की ‘पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना’ के तहत ठेनही जिले का पहला गांव बन गया है, जहां सामूहिक सोलर पावर प्लांट स्थापित किया गया है। इस परियोजना से गांव के 71 परिवारों को बिना किसी खर्च के बिजली का लाभ मिलेगा।

142 किलोवॉट क्षमता का लगाया गया सोलर प्लांट

धमतरी जिले के नगरी विकासखंड स्थित ग्राम ठेनही में 142 किलोवॉट क्षमता का सामूहिक सोलर पावर प्लांट स्थापित किया गया है। योजना के तहत 71 परिवारों का दो-दो किलोवॉट क्षमता के लिए पंजीयन किया गया है। प्लांट गांव से करीब 50 से 75 मीटर की दूरी पर लगाया गया है और जल्द ही घरों में बिजली कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू होगी।

55 गांवों में लगेंगे सामूहिक सोलर प्लांट

जिले के ऐसे 55 गांव चिन्हित किए गए हैं, जहां पक्की छतें नहीं होने के कारण व्यक्तिगत रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाना संभव नहीं है। ऐसे गांवों में सामूहिक सोलर प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि इसके लिए ग्रामीणों से किसी प्रकार की राशि नहीं ली जाएगी।

ग्रामीण बोले- अब नहीं रहेगी बिजली बिल की चिंता

ग्रामीणों ने इस योजना का स्वागत करते हुए कहा कि पहले हर महीने बिजली बिल की चिंता रहती थी, लेकिन अब मुफ्त बिजली मिलने से आर्थिक राहत मिलेगी। उनका कहना है कि यह परियोजना न केवल बचत कराएगी, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

25 और गांवों में शुरू होंगी ऐसी परियोजनाएं

एक समय नक्सल प्रभावित रहा ठेनही गांव अब हरित ऊर्जा का मॉडल बनकर उभर रहा है। जिला प्रशासन की योजना नगरी विकासखंड के फरसियां, रतावा, दुगली समेत करीब 25 अन्य गांवों में भी इसी तर्ज पर सामूहिक सोलर परियोजनाएं स्थापित करने की है।

कलेक्टर ने क्या कहा?

कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में जिले में पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को इस योजना से जोड़कर धमतरी को हरित और ऊर्जा आत्मनिर्भर जिला बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

ठेनही गांव की यह पहल सिर्फ एक सोलर परियोजना नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, आत्मनिर्भरता और सतत विकास की दिशा में बदलते ग्रामीण भारत की नई तस्वीर पेश कर रही है।