धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बाइक देने से इनकार करने पर तीन युवकों ने आधी रात एक घर में घुसकर परिवार के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की। घटना में महिला के पति और बेटी घायल हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
बाइक नहीं मिली तो आधी रात मचाया उत्पात
मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के सेहराडाबरी गांव का है। प्रार्थिया के अनुसार, 23 जून की रात करीब 9 बजे आरोपी उमेश साहू बाइक मांगने उसके घर आया था। मना करने पर वह नाराज होकर चला गया।
इसके बाद रात करीब 12 बजे उमेश अपने साथी देवेंद्र साहू और प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस के साथ दोबारा घर पहुंचा। आरोप है कि तीनों जबरन घर में घुस गए और गाली-गलौज करते हुए लकड़ी के डंडे से महिला के पति और बेटी की पिटाई कर दी।
घर में तोड़फोड़, जान से मारने की धमकी
आरोपियों ने घर के दरवाजे, खिड़कियां, बिजली मीटर, गमले, कुर्सियां और मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ की। साथ ही परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरा परिवार दहशत में आ गया।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 115(2), 331(6), 351(3), 324(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- देवेंद्र साहू (22 वर्ष)
- उमेश साहू उर्फ छोटू (22 वर्ष)
- प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस (18 वर्ष)
तीनों आरोपी ग्राम सेहराडाबरी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी के निवासी हैं।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





