July 29, 2026

धमतरी में आत्महत्या के तीन मामले, दो युवकों समेत अधेड़ की मौत

Dhamtari। धमतरी जिले में आत्महत्या के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं में दो युवकों और एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। फिलहाल तीनों मामलों में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार पहला मामला बंजारी गांव का है, जहां युवक गगन साहू ने अपने घर के आंगन में लगे आम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

वहीं दूसरा मामला अर्जुनी इलाके का है। यहां रहने वाले युवक रेखराम मरकाम ने अपने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

तीसरा मामला नगरी क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां एक अधेड़ व्यक्ति ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और मामले की जांच जारी है।