July 31, 2026

धमतरी में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, चालक की मौत

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। सिहावा थाना क्षेत्र के गड़ियापारा में खाली ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे में चालक सुमन मरकाम की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही सिहावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर पलटने के दौरान चालक के शरीर के बाएं हिस्से में गंभीर चोटें आईं। सिर में गहरी चोट लगने के कारण उसकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, सुमन मरकाम मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी असमय मौत से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद हादसे के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।