July 30, 2026

ट्रेचिंग ग्राउंड की आग से धमतरी में बढ़ी परेशानी, कांग्रेस पार्षदों का प्रदर्शन

धमतरी। शहर के सोरिद वार्ड स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड में पिछले करीब 20 दिनों से लगी आग के कारण फैल रहा धुआं आसपास के रिहायशी इलाकों के लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। समस्या से नाराज वार्डवासियों और कांग्रेस पार्षदों ने ट्रेचिंग ग्राउंड के बाहर प्रदर्शन कर नगर निगम के खिलाफ आक्रोश जताया।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

धुएं से स्वास्थ्य पर असर

स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रेचिंग ग्राउंड से निकल रहा जहरीला धुआं आसपास के वार्डों तक फैल रहा है, जिससे सांस लेने में दिक्कत हो रही है। धुएं के कारण बच्चे, बुजुर्ग और अन्य लोग स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं।

निगम पर लगाए आरोप

कांग्रेस नेताओं और पार्षदों ने आरोप लगाया कि निगम की लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी है। उनका कहना है कि कचरे में लगी आग का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

स्थायी समाधान की मांग

प्रदर्शनकारियों ने ट्रेचिंग ग्राउंड की समस्या का स्थायी समाधान करने, पर्यावरण संरक्षण और लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

निगम ने दिया आश्वासन

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि आग बुझाने का काम लगातार जारी है। अधिकारियों ने बताया कि आग पूरी तरह बुझने तक ट्रेचिंग ग्राउंड में नया कचरा डंप नहीं किया जाएगा और जल्द स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।