July 23, 2026

वन्यजीवों के शिकार का वीडियो वायरल, धमतरी में 5 आरोपी गिरफ्तार; गोह समेत दुर्लभ जीवों का किया था शिकार

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के बीरगुड़ी वन परिक्षेत्र में वन्य जीवों के शिकार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वायरल वीडियो में आरोपी दुर्लभ प्रजाति के गोह (मॉनिटर लिज़र्ड) समेत अन्य वन्य जीवों का शिकार करते नजर आए थे।

सोशल मीडिया वीडियो से खुला मामला

वन विभाग के अनुसार, आरोपियों ने बीरगुड़ी वन परिक्षेत्र में वन्य जीवों का शिकार किया और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद विभाग ने जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की।

कांकेर जिले के निवासी हैं सभी आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद कुमार टेकाम, घसिया, प्रदीप नेताम, शैलेन्द्र कुमार यादव और शिवानंद मरकाम के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम भनसुली, तहसील नरहरपुर, जिला कांकेर के निवासी बताए जा रहे हैं।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई

वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

वन विभाग और जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के शिकार और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।