अभनपुर। अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के भलेरा सहकारी समिति में धान की बोरियों में पानी डालने का मामला तूल पकड़ लिया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और लल्लूराम डॉट कॉम में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। शुक्रवार को प्रशासन की टीम जांच के लिए खरीदी केंद्र पहुंची। वहीं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर किसानों ने केंद्र में प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने खरीदी केंद्र में पहुंचकर कर्मचारियों को रंगे हाथ धान की बोरियों में पानी डालते हुए पकड़ा था। ग्रामीणों का आरोप है कि धान का वजन बढ़ाने के लिए बोरियों में पानी डाला जा रहा था, जिससे किसानों के साथ-साथ शासन को भी आर्थिक नुकसान हो सकता है।
खरीदी केंद्र में कर्मचारियों की इस कारगुजारी की खबर सामने आने के बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया है। इसके बाद सहकारिता विभाग की टीम का गठन कर जांच के लिए भलेरा भेजा गया है।
इस बीच कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू सहित बड़ी संख्या में किसान सहकारी समिति पहुंचे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन तेज करेंगे।
मामले में आरंग एसडीएम ने बताया कि सहकारिता विभाग की टीम को जांच के लिए भेजा गया है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।





