धरमजयगढ़। छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के बहुचर्चित क्रोंधा डबल मर्डर केस का पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा कर दिया है। भूमि विवाद के चलते दो सगे भाइयों ने बुजुर्ग दंपति की टांगी से हत्या कर शवों और घर में आग लगा दी, ताकि वारदात को दुर्घटना का रूप दिया जा सके। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को ग्राम क्रोंधा में मंगल राठिया और उनकी पत्नी पुनाई बाई के जले हुए शव उनके घर के अंदर मिले थे। घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की गई।
पुलिस डॉग ‘रूबी’ और एफएसएल जांच से मिला सुराग
घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पुलिस डॉग रूबी के संकेत के आधार पर जांच श्याम लाल राठिया और उसके भाई जीवन लाल राठिया तक पहुंची। दोनों से पूछताछ में हत्या का खुलासा हुआ।
भूमि विवाद बना हत्या की वजह
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि भूमि विवाद के कारण उन्होंने 14 जुलाई की रात टांगी लेकर बुजुर्ग दंपति के घर पहुंचकर पहले मंगल राठिया और फिर उनकी पत्नी पुनाई बाई की हत्या कर दी। इसके बाद शवों और घर में आग लगाकर घटना को दुर्घटना साबित करने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





