September 4, 2026

CG News: धरमजयगढ़ में जमीन फर्जीवाड़े का आरोपी तत्कालीन पटवारी गिरफ्तार, लैपटॉप-प्रिंटर जब्त

धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में जमीन फर्जीवाड़े से जुड़े दो मामलों में फरार चल रहे तत्कालीन पटवारी राकेश साय को कापू पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लैपटॉप और प्रिंटर भी बरामद किया है। इन उपकरणों का इस्तेमाल फर्जी दस्तावेज तैयार करने में हुआ था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

पण्डो जनजाति की जमीन में फर्जीवाड़े का आरोप

पुलिस के मुताबिक, पहला मामला पण्डो जनजाति की जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पण्डो जनजाति की जमीन को गैर-आदिवासी व्यक्ति के नाम दर्ज कराया गया। इसके बाद उक्त जमीन की बिक्री कराए जाने की बात भी सामने आई है। इस मामले में तत्कालीन पटवारी राकेश साय की भूमिका संदिग्ध बताई गई है।

सरकारी जमीन के फर्जी पट्टे तैयार करने का आरोप

दूसरा मामला ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय जमीन से संबंधित है। आरोप है कि सरकारी जमीन के फर्जी दस्तावेज और पट्टे तैयार कर उन्हें निजी लोगों के नाम अंतरण कराया गया। इसके बाद जमीन की रजिस्ट्री भी कराए जाने की बात सामने आई। दोनों मामलों में अपराध दर्ज होने के बाद से राकेश साय फरार चल रहा था।

ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत गिरफ्तारी

एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह के मुताबिक, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि राकेश साय अपने ग्राम गनपतपुर में मौजूद है। सूचना के आधार पर कापू पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से लैपटॉप और प्रिंटर बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इन उपकरणों की तकनीकी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि जमीन से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार करने में इनका इस्तेमाल हुआ था या नहीं।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।