March 5, 2026

“धमतरी, बलौदा बाजार और गरियाबंद में आज से लागू हुई नवीन गाइडलाइन दरें

रायपुर, 4 फरवरी 2026: राज्य में 20 नवंबर 2025 से लागू नवीन गाइडलाइन दरों के बाद अब धमतरी, बलौदा बाजार और गरियाबंद जिलों में ये दरें आज याने 4 फरवरी से प्रभावशील हो गई हैं। राज्य शासन ने जिला मूल्यांकन समितियों को निर्देशित किया था कि वे नवीन गाइडलाइन दरों में संशोधन प्रस्ताव केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेजें। इसके बाद केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड द्वारा अनुमोदित दरों को अब इन तीनों जिलों में लागू किया गया।

शासन के निर्देशों के तहत धमतरी, बलौदा बाजार और गरियाबंद जिलों की जिला मूल्यांकन समितियों से संशोधन प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इन प्रस्तावों पर विचार करने हेतु महानिरीक्षक पंजीयन की अध्यक्षता में केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तीनों जिलों से प्राप्त प्रस्तावित गाइडलाइन दरों का परीक्षण किया गया और समग्र विचार-विमर्श के उपरांत अनुमोदन किया गया।

आम नागरिक एवं संबंधित हितधारक नवीन दरों की जानकारी अपने-अपने जिला पंजीयन कार्यालय या विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं। अन्य जिलों की संशोधित गाइडलाइन दरें भी जिला मूल्यांकन समितियों से शीघ्र प्राप्त कर जारी की जाएंगी।