March 5, 2026

धमतरी: कलेक्टर का शहरी विकास परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण, अधिकारियों को निर्देश

निर्धारित समय-सीमा, गुणवत्ता और नियमानुसार कार्य सुनिश्चित करने पर जोर

धमतरी, 7 फरवरी 2026 – धमतरी जिले में शहरी विकास और नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज शहर के विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति, उपयोगिता और नियोजन का गहन अवलोकन करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने विंध्यवासिनी मंदिर के समीप नालंदा परिसर में प्रस्तावित सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन का निरीक्षण किया। उन्होंने इसे विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और शोधार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि यह परियोजना जिले की शैक्षणिक पहचान को नई ऊँचाई प्रदान करेगी। राज्य शासन द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 1121.94 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। प्रस्तावित लाइब्रेरी में 500 सीटर क्षमता के साथ आधुनिक पठन सुविधाएं, हरित विकास, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और शांत अध्ययन वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा।

इसके बाद कलेक्टर ने दानिटोला वार्ड और जालमपुर प्राथमिक शाला मैदान में प्रस्तावित ऑक्सी जोन स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के बीच हरित क्षेत्र नागरिकों के स्वास्थ्य और पर्यावरण संतुलन के लिए आवश्यक हैं।

कांटा तालाब परिसर में प्रस्तावित चौपाटी स्थल का भी अवलोकन किया गया। 196.27 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस चौपाटी से नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित मनोरंजन स्थल उपलब्ध होगा।

कलेक्टर ने नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल मकई गार्डन का निरीक्षण करते हुए इसके सौंदर्यीकरण की संभावनाओं पर चर्चा की। शासन द्वारा मकई गार्डन के विकास और सौंदर्यीकरण हेतु लगभग 8 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिससे पार्क को आधुनिक, आकर्षक और परिवार अनुकूल स्वरूप दिया जाएगा।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के विकास से जुड़ी सभी परियोजनाएं नागरिकों की सुविधा को केंद्र में रखकर पूरी की जाएं। सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में, गुणवत्ता के साथ और नियमानुसार पूर्ण करना अनिवार्य है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं प्रभारी आयुक्त नगर निगम श्रीमती इंदिरा देवहारी, एसडीएम श्री पीयूष तिवारी, नगर निगम उपायुक्त श्री पी.सी. सारवा, कार्यपालन अभियंता श्री जगत सहित राजस्व और नगर निगम के अधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने मकई गार्डन, रेलवे स्टेशन और आंबेडकर चौक के समीप स्थित शासकीय भूमि का भी निरीक्षण किया।