March 5, 2026

धमतरी में नर्सिंग महाविद्यालय कुरूद: भविष्य के कुशल स्वास्थ्य सेवाकर्मियों को संवारने का महत्वाकांक्षी कदम

युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में राज्य शासन की महत्वाकांक्षी पहल

धमतरी, 7 फरवरी 2026 (एस.आर. पाराशर) – धमतरी जिले ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपनी पहचान को और मजबूत किया है। विकासखंड कुरूद में शासकीय विधि महाविद्यालय के समीप शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय का नवीन भवन हाल ही में विधायक श्री अजय चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में भूमि पूजन समारोह के साथ शुरू हुआ।

विधायक श्री अजय चंद्राकर ने इस अवसर पर बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पानी सहित हर क्षेत्र में योजनाबद्ध विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग महाविद्यालय के लिए अत्याधुनिक भवन का निर्माण भारतीय नर्सिंग परिषद (INC) के मापदंडों के अनुरूप किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शैक्षणिक और प्रयोगात्मक प्रशिक्षण मिल सके।

नवीन तीन मंजिला भवन की अनुमानित लागत 8.68 करोड़ रुपये है। भवन में भव्य प्रवेश लॉबी, प्रतीक्षालय, पुस्तकालय, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, प्राचार्य एवं उप-प्राचार्य कक्ष, स्टाफ रूम, विशाल लेक्चर हॉल, मल्टीपरपज हॉल, ऑडिटोरियम, कंप्यूटर लैब, एनाटॉमी लैब और अतिरिक्त लेक्चर हॉल की सुविधा उपलब्ध होगी।

महाविद्यालय में नर्सिंग फाउंडेशन लैब, कम्युनिटी हेल्थ नर्सिंग लैब, न्यूट्रिशन लैब, OBG एवं पीडियाट्रिक लैब सहित प्री-क्लिनिकल साइंस लैब की स्थापना की जाएगी। ये प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान और पेशेवर दक्षता प्राप्त करने में मदद करेंगी।

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा, “राज्य शासन और जिला प्रशासन युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में करियर बनाने के अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। नर्सिंग महाविद्यालय का यह भव्य भवन जिले के युवाओं को नई उड़ान देगा और धमतरी को स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।”

महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए पृथक कॉमन रूम, पर्याप्त शौचालय, लिफ्ट, चौड़े कॉरिडोर, वॉशिंग एरिया और सुरक्षा की आधुनिक व्यवस्था होगी। डिजिटल शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए कंप्यूटर लैब, AV एड्स रूम और सेमिनार/कार्यशालाओं के लिए मल्टीपरपज हॉल एवं ऑडिटोरियम की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

इस नर्सिंग महाविद्यालय के शुरू होने से न केवल धमतरी जिले को प्रशिक्षित और कुशल नर्सिंग स्टाफ मिलेगा, बल्कि कुरूद और आसपास के क्षेत्रों में शैक्षणिक, सामाजिक और शहरी विकास को भी नई गति मिलेगी। यह पहल जिले के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र के सशक्त निर्माण में मील का पत्थर साबित होगी।