September 4, 2026

धरसींवा में निकली 20 किमी भव्य कांवड़ यात्रा, बारिश में भी नहीं थमा भक्तों का उत्साह; मुक्तेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक

धरसींवा। सावन के पावन माह में रायपुर और आसपास का क्षेत्र शिवमय नजर आ रहा है। शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष भावेश बघेल के नेतृत्व में रविवार को भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई।

सिलयारी के छाता तालाब से बोल बम के जयकारों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेकर चरोदा स्थित प्राचीन मुक्तेश्वर महादेव मंदिर के लिए रवाना हुए। करीब 20 किलोमीटर लंबी इस यात्रा के दौरान रास्ते में जगह-जगह कांवड़ियों का स्वागत किया गया।

बारिश में भी नहीं थमा भक्तों का उत्साह

कांवड़ यात्रा के दौरान बारिश भी हुई, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। महिलाएं, बुजुर्ग और युवा बोल बम के जयकारे लगाते हुए लगातार आगे बढ़ते रहे।

सिलयारी से लेकर रेता, कपसदा, तिवरैया, धरसींवा और चरोदा तक कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने कांवड़ियों का स्वागत किया और उनके लिए विभिन्न व्यवस्थाएं कीं।

धरसींवा में बैंड-बाजे के साथ स्वागत

कांवड़ यात्रा के धरसींवा पहुंचने पर ग्राम पंचायत सरपंच साहिल खान और पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा सहित सैकड़ों लोगों ने बैंड-बाजे के साथ कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया।

इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे रास्ते भगवान शिव के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक

चरोदा स्थित प्राचीन मुक्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने पर कांवड़ यात्रा का श्रद्धालुओं और मंदिर समिति की ओर से स्वागत किया गया। इसके बाद कांवड़ियों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक किया।

भावेश बघेल ने भगवान शिव से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। यात्रा के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।

भावेश बघेल ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट श्रद्धा, भक्ति और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से की गई प्रार्थना से भक्तों को भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त होता है।