March 4, 2026

धरसींवा: जर्जर सड़क और बढ़ती दुर्घटनाओं के विरोध में कांग्रेसियों ने किया चक्काजाम

धरसींवा, 09 फरवरी 2026

धरसींवा क्षेत्र में भारी एवं ओवरलोड वाहनों के लगातार आवागमन से जर्जर हो चुकी सड़क ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। सड़क की बदहाली और बढ़ती दुर्घटनाओं के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरसींवा के नेतृत्व में सोमवार को कुथरैल चौक पर कांग्रेसियों ने चक्काजाम कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

सड़क की स्थिति और बढ़ती दुर्घटनाएं

तिवरैया से कुथरैल मोड़ तक मुख्य मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) न होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस वजह से आम जनता, स्कूली बच्चे और मरीज भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर बाबा साहेब अंबेडकर चौक, कुथरैल में एक दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन एवं चक्काजाम किया गया।

प्रशासन से मांग

पूर्व विधायक अनिता शर्मा ने कहा कि लगातार हो रही दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क की शीघ्र मरम्मत और आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरसींवा के अध्यक्ष आशीष वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर प्रशासन द्वारा सड़क सुधार और स्पीड ब्रेकर निर्माण को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामीणों को साथ लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

प्रमुख उपस्थितियां

प्रदर्शन में प्रमुख रूप से प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष (ओबीसी विभाग) भावेश बघेल, पूर्व विधायक अनिता शर्मा, योगेंद्र शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष शेखर यादव सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे।