रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश कराने वाला सिस्टम कमजोर पड़ने के साथ ही मानसूनी गतिविधियों पर ब्रेक लग गया है। प्रदेश में बारिश का दायरा लगातार सीमित हो रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि मौसमी सब-डिविजनल वर्षा सामान्य बनी हुई है और इसमें करीब 3 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने रविवार को रायपुर समेत प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। स्थानीय प्रभाव के कारण कई इलाकों में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है।
शनिवार को कैसा रहा प्रदेश का मौसम?
प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
बारिश के आंकड़ों के अनुसार, मुंगेली के लोरमी, सरगुजा के दरिमा और राजनांदगांव के कुमारदा में एक-एक सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
रायपुर में आज बारिश की संभावना
राजधानी रायपुर में रविवार को बादल गरजने-चमकने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
ऐसे में बाहर निकलने वाले लोगों को छाता या रेनकोट साथ रखने की सलाह दी जा रही है।
थम गई बारिश की गतिविधियां
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में बारिश की गतिविधियां काफी कमजोर रही हैं। राज्य को प्रभावित करने वाला मौसम तंत्र कमजोर पड़ चुका है, जिसके कारण व्यापक बारिश नहीं हो रही है। हालांकि रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में स्थानीय प्रभाव से बादल छाए हुए हैं।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में नया प्रभावी सिस्टम बनने के लिए अभी कुछ दिनों का इंतजार करना पड़ सकता है। इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां फिर से बढ़ने की संभावना बन सकती है।
मौसम प्रणालियां
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। इस मौसम प्रणाली के अगले दो दिनों के दौरान पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा की ओर आगे बढ़ने की संभावना जताई गई है।





