मुंबई। रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस के बाद अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी दो भागों वाली इस फिल्म सीरीज ने दुनियाभर के सिनेमाघरों में 3,100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है। वहीं नेटफ्लिक्स के को-CEO टेड सारंडोस के मुताबिक, ‘धुरंधर’ इस साल प्लेटफॉर्म पर दुनिया की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्म बन गई है।
नेटफ्लिक्स के को-CEO ने किया ‘धुरंधर’ का जिक्र
टेड सारंडोस ने गुरुवार को एक अंग्रेजी अखबार के कार्यक्रम में भारतीय कंटेंट की ग्लोबल पहुंच को लेकर बात की। जब उनसे पूछा गया कि क्या भारत को दक्षिण कोरिया की ‘स्क्विड गेम’ जैसी कोई बड़ी ग्लोबल सफलता मिल सकती है, तो उन्होंने उदाहरण के तौर पर ‘धुरंधर’ का जिक्र किया।
सारंडोस के अनुसार, इस साल नेटफ्लिक्स पर ‘धुरंधर’ को दुनिया भर में किसी भी अन्य नॉन-इंग्लिश फिल्म की तुलना में ज्यादा दर्शक मिले। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म की व्यूअरशिप कई इंग्लिश-लैंग्वेज फिल्मों से भी अधिक रही।
‘भारत का ग्लोबल मोमेंट पहले ही आ चुका है’
नेटफ्लिक्स के को-CEO का मानना है कि भारत के लिए किसी एक ‘ग्लोबल मोमेंट’ का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। उनके मुताबिक भारतीय कंटेंट पहले से ही दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में दर्शकों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि विदेश यात्राओं के दौरान उनसे अक्सर भारत के अगले बड़े इंटरनेशनल ब्रेकथ्रू को लेकर सवाल पूछे जाते हैं, लेकिन उनका मानना है कि भारत पहले से ऐसा कंटेंट तैयार कर रहा है, जो वैश्विक दर्शकों से जुड़ रहा है।
फिल्मों के जरिए मिल सकता है भारत को बड़ा ग्लोबल ब्रेकथ्रू
सारंडोस ने भारतीय सिनेमा के लंबे और समृद्ध इतिहास को इसकी सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने नेटफ्लिक्स की शुरुआती भारतीय ओरिजिनल सीरीज ‘सेक्रेड गेम्स’ का भी उल्लेख किया।
हालांकि, उनका मानना है कि भारत की गहरी फिल्म संस्कृति और दशकों पुरानी कहानी कहने की परंपरा को देखते हुए देश की सबसे बड़ी वैश्विक सफलता वेब सीरीज के बजाय फिल्मों के माध्यम से सामने आने की ज्यादा संभावना है।
‘धुरंधर’ की ग्लोबल सफलता को इसी दिशा में भारतीय सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।





