January 16, 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर के समग्र विकास को लेकर की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर अंचल के समग्र विकास को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में बस्तर क्षेत्र में शांति, सुशासन और तीव्र विकास को शासन की प्राथमिकताओं के रूप में रेखांकित किया गया। बस्तर को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और संचार जैसी मूलभूत सुविधाओं के तेज विस्तार पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा सुरक्षा, रोजगार, कौशल विकास, पर्यटन और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने के उपायों पर मंथन किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से बस्तर के विकास को नई दिशा देने पर जोर दिया।

इस बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बस्तर के विकास से संबंधित प्रस्तावों और आगामी कार्ययोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।