September 4, 2026

दिशा सालियान मौत केस में बड़ा फैसला, बॉम्बे HC ने CBI जांच के दिए आदेश; दोबारा FIR दर्ज करने का भी निर्देश

मुंबई। दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने मामले की जांच CBI से कराने का आदेश दिया है। साथ ही दोबारा FIR दर्ज कर जांच आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने अपनी बेटी की मौत को हत्या बताते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। उन्होंने मामले में FIR दर्ज करने के साथ CBI जांच की मांग की थी। 28 अगस्त को सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।

कोर्ट के निर्देश के मुताबिक मुंबई क्षेत्र के वरिष्ठ CBI अधिकारी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। जांच अधिकारी दिशा की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेंगे। साथ ही याचिकाकर्ता सतीश सालियान का बयान भी दर्ज किया जाएगा। इसके बाद उपलब्ध तथ्यों और बयानों के आधार पर FIR दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

बलात्कार के बाद हत्या का आरोप

दिशा सालियान के पिता ने याचिका में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसके साथ बलात्कार के बाद उसकी हत्या की गई। इसी आधार पर उन्होंने मामले की नए सिरे से और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

क्या है दिशा सालियान मौत मामला?

8 जून 2020 को दिशा सालियान की मुंबई के मालाड स्थित एक दोस्त के 14वीं मंजिल के फ्लैट से गिरने के बाद मौत हो गई थी। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने इसे एक्सीडेंटल डेथ के तौर पर दर्ज किया था। इसके कुछ दिन बाद 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत की भी मौत हो गई थी। दोनों घटनाओं को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं और थ्योरी सामने आईं।

मुंबई पुलिस की जांच में दिशा की मौत को आत्महत्या माना गया था। हालांकि, करीब पांच साल बाद मार्च 2025 में उनके पिता ने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया और मामले की नए सिरे से जांच की मांग की। अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद इस मामले की जांच CBI करेगी।