January 16, 2026

दिव्यांग आर्चरी खिलाड़ियों को मिलेंगी तीरंदाजी की सभी सुविधाएं, जनदर्शन में CM साय से मिले होरीलाल यादव और लक्की सोनी

छत्तीसगढ़ सरकार दिव्यांग खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग तीरंदाज होरीलाल यादव और लक्की सोनी ने मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष उच्च स्तरीय खेल उपकरण और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के अभाव की बात रखी।

मुख्यमंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए दिव्यांग आर्चरी खिलाड़ियों को तीरंदाजी से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

🔹 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लेंगे हिस्सा

मुलाकात के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे दिव्यांग तीरंदाजी के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं और आगामी फरवरी माह में पटियाला में आयोजित राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में वे अंतरराष्ट्रीय आर्चरी स्पर्धाओं में देश और प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं।

🔹 CM साय ने दिया हरसंभव सहयोग का आश्वासन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी किसी से कम नहीं हैं और यदि उन्हें सही मार्गदर्शन व संसाधन मिलें, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकते हैं

🔹 मेहनत और अभ्यास पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने दोनों तीरंदाजों को अपने खेल कौशल को निरंतर निखारने, पूरी मेहनत और लगन के साथ अभ्यास जारी रखने के लिए भी प्रोत्साहित किया।