May 18, 2026

Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update : सेल की VRS स्कीम की चर्चा तेज, फ्लाईओवर में दरारें और ट्रेनों पर असर

Bhilai। सेल की कथित वीआरएस (स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति) स्कीम को लेकर सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। वायरल सर्कुलर के अनुसार 50 वर्ष या उससे अधिक आयु के कर्मचारी वीआरएस के पात्र होंगे। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।

सूत्रों के मुताबिक स्कीम फाइनल हो चुकी है और कभी भी लॉन्च की जा सकती है। कथित सर्कुलर में कहा गया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे और हर आवेदन के लिए यूनिक आईडी जनरेट होगी।

नेहरू नगर फ्लाईओवर में दरारें, हादसे का खतरा

भिलाई के नेहरू नगर फ्लाईओवर में कई जगह दरारें आने से हादसे की आशंका बढ़ गई है। फ्लाईओवर के नीचे और ऊपरी हिस्से में क्षति दिखाई दे रही है।

वहीं सुपेला फ्लाईओवर की सड़क भी खराब हो चुकी है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने जल्द मरम्मत की मांग की है।

चंद्रा-मौर्या अंडरब्रिज 15 जुलाई तक बंद

Durg नगर निगम भिलाई चंद्रा-मौर्या अंडरब्रिज में सीसी रोड निर्माण कराएगा। निर्माण कार्य 18 मई से शुरू होगा और 15 जुलाई तक यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।

ईंधन बचाने निगम का बड़ा फैसला

नगर निगम दुर्ग ने ईंधन की खपत कम करने के लिए अफसरों के वाहनों के डीजल में 50 प्रतिशत कटौती की है।

अब अधिकारियों के वाहनों को हर माह 80 लीटर की जगह 40 लीटर डीजल मिलेगा। वहीं कचरा उठाने वाले वाहनों के फेरों में भी कटौती की जा रही है और छोटे वार्डों में ट्राइसाइकिल से कचरा संग्रहण पर जोर दिया जाएगा।

सोने-चांदी की कीमतों से बाजार ठप

Rajnandgaon में सोने और चांदी की कीमतों में भारी तेजी के कारण सराफा बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है।

व्यापारियों के मुताबिक सोना 1.66 लाख रुपए के पार पहुंच गया है, जबकि चांदी करीब 2.90 लाख रुपए प्रति किलो बिक रही है। व्यापारियों ने इसकी वजह भू-राजनीतिक तनाव, बढ़ी इम्पोर्ट ड्यूटी और डॉलर के मुकाबले कमजोर रुपए को बताया है।

मंडी में धान की बंपर आवक

राजनांदगांव कृषि उपज मंडी बसंतपुर में रबी सीजन के धान की रिकॉर्ड आवक हो रही है। रोजाना करीब 16 हजार कट्टा धान मंडी पहुंच रहा है।

बारिश के कारण कई किसानों को शेड के बाहर धान रखना पड़ रहा है, जिससे उपज भीगने और नुकसान की स्थिति बन रही है। व्यापारी भी कम बोली लगा रहे हैं, जिससे किसान परेशान हैं।

खैरागढ़ में चला बुलडोजर

Khairagarh में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने अभियान चलाया।

राजस्व विभाग, नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने मुख्य मार्गों से अवैध चखना सेंटर, ठेले और चबूतरे हटाए। नगर पालिका ने अन्य अस्थायी दुकानदारों को भी अतिक्रमण हटाने के लिए चेतावनी दी है।

चौथी रेल लाइन कार्य से कई ट्रेनें रद्द

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन के बीच चौथी रेल लाइन का कार्य किया जा रहा है।

इस कारण 7 जून से 19 जून 2026 तक कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी। प्रभावित ट्रेनों में गेवरारोड-रायपुर मेमू, रायपुर-कोरबा पैसेंजर और बिलासपुर-गेवरारोड मेमू शामिल हैं।