डीएमएफ योजना फेल, 3 करोड़ खर्च के बाद भी किसान मानसून पर निर्भर
सुकमा। सुकमा जिले में आदिवासी किसानों की सिंचाई की उम्मीदें कागजों में सिमटकर रह गई हैं। डीएमएफ मद से करीब 3 करोड़ रुपये खर्च कर 178 किसानों के खेतों में बोर तो खुदवाए गए, लेकिन दो साल बाद भी न पंप लगे, न बिजली और न ही सोलर व्यवस्था हो पाई। नतीजतन किसान आज भी पूरी तरह मानसून पर निर्भर हैं।
कोंटा और सुकमा ब्लॉक के कई गांवों में बोर केवल शो-पीस बनकर खड़े हैं। किसानों का कहना है कि अधिकारियों ने दो फसल का सपना दिखाया, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया गया। अंशदान लेने के बावजूद पानी खेत तक नहीं पहुंचा। कृषि और क्रेडा विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। योजना 2023-24 में बनी थी, लेकिन 2026 में भी अधूरी है। करोड़ों खर्च के बावजूद जमीनी हकीकत शून्य है।
एनएच-63 पर गांजा तस्करी की सप्लाई चेन टूटी, 11 किलो मादक पदार्थ जब्त
बस्तर।
नगरनार क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच-63 स्थित फॉरेस्ट नाके के पास घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओड़िशा से मध्यप्रदेश गांजा ले जा रहा था। उसके कब्जे से करीब 11 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत साढ़े पांच लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
रजत जयंती पर आस्था का महाकुंभ, 25 हजार श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद
जगदलपुर।
श्री भगवान वेंकटेश्वर स्वामी बालाजी मंदिर का रजत जयंती महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। सात दिनों तक चले आयोजन के अंतिम दिन हवन-पूर्णाहुति और विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया।
ओडिशा और आंध्रप्रदेश सहित देश-विदेश से आए करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने अन्न प्रसाद ग्रहण किया। शोभायात्रा और महाआरती मुख्य आकर्षण रहीं।
बीमा कंपनी की लापरवाही पर उपभोक्ता आयोग सख्त, 20 लाख मुआवजा आदेश
कांकेर।
जिला उपभोक्ता आयोग कांकेर ने बीमा कंपनी को सेवा में कमी का दोषी मानते हुए उपभोक्ता को 20 लाख रुपये क्षतिपूर्ति देने का आदेश दिया है।
ट्रक दुर्घटना मामले में सभी दस्तावेज समय पर जमा होने के बावजूद भुगतान में देरी की गई थी। आयोग ने एक माह के भीतर भुगतान का आदेश दिया है।
खनिज माफिया पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, 8 वाहन जब्त
बस्तर।
बस्तर जिले में अवैध खनन के खिलाफ तीन दिन चले विशेष अभियान में हाईवा, टिप्पर और पोकलेन मशीन सहित 8 वाहन जब्त किए गए हैं।
बनियागांव क्षेत्र में नदी किनारे बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया जा रहा था। प्रशासन ने बिना वैध दस्तावेज खनन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सक्षम कोचिंग से वर्दी तक का सफर, 35 युवाओं को आरक्षक भर्ती में सफलता
सुकमा।
सुकमा जिले के 35 युवाओं ने आरक्षक भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल की है। सभी चयनित युवा सक्षम कोचिंग के सीआरपीएफ विशेष बैच से जुड़े थे।
23 फरवरी को जॉइनिंग प्रस्तावित है। प्रशासन ने अब बस्तर फाइटर्स के लिए भी विशेष बैच शुरू करने की घोषणा की है।
अवैध शराब नेटवर्क पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, 300 पेटी जब्त
दंतेवाड़ा।
दंतेवाड़ा जिले में अवैध शराब तस्करी पर ऐतिहासिक कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने 300 से अधिक पेटी शराब जब्त की है।
तीन वाहनों से करीब 3 हजार लीटर शराब पकड़ी गई, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। सर्च अभियान जारी है।
बैलाडीला में मुनाफा बाहर, जहर यहीं, आयरन वेस्ट से पर्यावरण संकट
दंतेवाड़ा।
बैलाडीला क्षेत्र में आयरन वेस्ट डंपिंग गंभीर खतरा बन गई है। किरंदुल में बने वेस्ट डैम खुले दलदल में तब्दील हो चुके हैं।
वेस्ट का जहरीला पानी खेतों और नालों तक पहुंच रहा है, कई जगह जमीन बंजर हो चुकी है। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। प्रशासन ने निरीक्षण के निर्देश दिए हैं।





