वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। ट्रंप ने पीएम मोदी को “महान नेता” बताते हुए कहा कि वह हमेशा अपने देश के हितों को प्राथमिकता देते हैं और अनावश्यक युद्धों से दूर रहते हैं। ट्रंप ने यह टिप्पणी अमेरिकी मीडिया संस्थान Axios को दिए एक इंटरव्यू में की।
इंटरव्यू के दौरान जब ट्रंप से पूछा गया कि वह दुनिया के किन नेताओं का सबसे ज्यादा सम्मान करते हैं, तो उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का नाम लिया। ट्रंप ने कहा कि मोदी एक बहुत अच्छे नेता हैं और भारत ने हाल के वर्षों में शानदार आर्थिक प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि युद्धों से दूर रहना समझदारी की निशानी है और मोदी इसी नीति का पालन करते हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत-अमेरिका व्यापारिक संबंधों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच अब पहले की तुलना में अधिक निष्पक्ष और पारदर्शी व्यापार हो रहा है। ट्रंप ने माना कि अतीत में भारत को व्यापारिक रिश्तों में अधिक लाभ मिला, लेकिन इसके लिए उन्होंने भारत या प्रधानमंत्री मोदी को जिम्मेदार नहीं ठहराया। उन्होंने कहा कि उस समय अमेरिकी नेतृत्व की नीतियां इसकी वजह थीं।
इससे पहले फ्रांस में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान भी ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की खुलकर प्रशंसा की थी। द्विपक्षीय बैठक के दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि मोदी दिखने में किसी फरिश्ते की तरह लगते हैं, लेकिन बातचीत और व्यापारिक मामलों में बेहद सख्त हैं। ट्रंप ने उन्हें “टफ ट्रेडर” बताते हुए कहा था कि उनकी सरलता को कभी भी कमजोरी नहीं समझना चाहिए।
गौरतलब है कि पिछले 72 घंटों में ट्रंप दूसरी बार सार्वजनिक रूप से प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ कर चुके हैं। उनके लगातार सकारात्मक बयानों को भारत-अमेरिका संबंधों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





