May 14, 2026

डोंगरगांव में फर्जी माइनिंग अफसर बनकर वसूली, तीन गिरफ्तार

डोंगरगांव। छत्तीसगढ़ के डोंगरगांव थाना क्षेत्र में फर्जी माइनिंग अधिकारी बनकर वसूली करने वाले तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खेत में चल रहे जेसीबी कार्य को अवैध खनन बताकर ट्रांसपोर्टर से पैसे ऐंठने की कोशिश की।

जानकारी के मुताबिक ग्राम दर्री निवासी ट्रांसपोर्टर रामसिंह राजपूत आमगांव क्षेत्र में किसान के खेत में मिट्टी समतलीकरण का काम करा रहे थे। इसी दौरान स्विफ्ट कार से पहुंचे तीन लोगों ने खुद को माइनिंग विभाग का अधिकारी बताते हुए कार्रवाई का डर दिखाया और 10 हजार रुपये की मांग की। डर के कारण ट्रांसपोर्टर ने 6 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी कर दिए।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुमरदा पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को कार समेत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि शर्मा, रेहाना बेगम और शेख अरमान के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी किसी भी सरकारी विभाग से संबंधित नहीं थे, बल्कि खुद को अफसर बताकर लोगों को डराकर वसूली कर रहे थे। तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा खुद को सरकारी अधिकारी बताकर दबाव बनाने या वसूली करने की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।