डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ स्थित व्यस्त गोल बाजार में बुधवार को भाटिया किराया भंडार में भीषण आग लग गई। आग की तेज लपटों और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा है।
नुकसान का आकलन जारी
दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में लगी हुई है। घटना में हुए आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। पुलिस और प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।





