July 30, 2026

भैंसों से भरी पिकअप विवाद में नया मोड़, एफआईआर के बाद ग्रामीणों और गौसेवकों ने उठाए सवाल

डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के बोरतलाव थाना क्षेत्र में भैंसों से भरी पिकअप को लेकर शुरू हुआ विवाद अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। कथित मारपीट, एक लाख रुपये की उगाही, वायरल वीडियो और ग्रामीणों व गौसेवकों के ज्ञापन के बाद मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच पुलिस जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, घटना 10 जून की बताई जा रही है। डोंगरगढ़ के डेयरी संचालक मनोज श्रीवास्तव ने 20 जून को बोरतलाव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मनोज श्रीवास्तव, जो डेयरी व्यवसाय के साथ हिंदू संगठनों से भी जुड़े बताए जाते हैं, ने आरोप लगाया कि बरमपुर से खरीदी गई तीन भैंसों को लेकर लौट रही उनकी पिकअप को रास्ते में रोक लिया गया। उन्होंने दावा किया कि चालक के साथ मारपीट की गई और वाहन छोड़ने के एवज में एक लाख रुपये की मांग कर राशि वसूल की गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के दो दिन बाद यानी 22 जून को मामला एक नए मोड़ पर पहुंच गया। ग्राम अंडी के ग्रामीणों और डोंगरगढ़ गौ सेवा समिति के प्रतिनिधियों ने बोरतलाव थाना पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने कई सवाल उठाते हुए वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की गहराई से जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जिस दिन वाहन को रोका गया था, उस दौरान की परिस्थितियों और घटनाक्रम की निष्पक्ष पड़ताल आवश्यक है।

वहीं मनोज श्रीवास्तव का आरोप है कि उनके चालक पर दबाव बनाकर वीडियो रिकॉर्ड कराया गया और उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। दूसरी ओर ग्रामीणों और गौसेवकों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।

घटना के 10 दिन बाद एफआईआर दर्ज होना और उसके तुरंत बाद ग्रामीणों की ओर से शिकायत सामने आना इस मामले को और संवेदनशील बना रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो भी अब जांच का अहम हिस्सा बन चुका है।

फिलहाल बोरतलाव पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों, उपलब्ध साक्ष्यों, वायरल वीडियो, दस्तावेजों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जांच कर रही है। मामले की निष्पक्ष जांच और वास्तविक तथ्यों के सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।