July 29, 2026

गुपचुप ज्यादा खिलाने के विवाद में पिता-पुत्र पर चाकू से हमला, शहर में बढ़ते अपराध से दहशत

डोंगरगढ़। शहर के वार्ड क्रमांक 3 स्थित खैरागढ़ रोड पर गुपचुप ठेला लगाने वाले पिता-पुत्र पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, बीती रात खैरागढ़ रोड पर रोज की तरह गुपचुप का ठेला लगा हुआ था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और गुपचुप खाने के दौरान विवाद शुरू हो गया। पहले कहासुनी हुई, फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने चाकू निकालकर पिता-पुत्र पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमले के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों घायलों को बचाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मामला दर्ज किया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

गौरतलब है कि डोंगरगढ़ क्षेत्र में हाल के दिनों में लगातार चाकूबाजी और हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले बुधवारी पारा स्थित पुराने अस्पताल परिसर में चाकू चलने की घटना हुई थी। वहीं रामाटोला गांव में शादी समारोह के दौरान भी विवाद हिंसक हो गया था। इसके अलावा पलांदूर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान सरपंच पर हमला होने की घटना ने भी कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे।

लगातार बढ़ती घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। नागरिकों का कहना है कि देर रात सक्रिय असामाजिक तत्व, बढ़ती नशाखोरी और युवकों की गैंगबाजी अपराध को बढ़ावा दे रही है। लोगों ने शहर में पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।