डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने अंतर्राज्यीय अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। मोहारा क्षेत्र के मुढिया नाला में की गई कार्रवाई में पुलिस ने मध्यप्रदेश निर्मित शराब की 9 पेटियां, करीब 81 बल्क लीटर शराब और सप्लाई में इस्तेमाल हो रही ओला ईवी स्कूटी जब्त की है। बरामद शराब की कीमत करीब 1.10 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मुढिया नाला इलाके में झाड़ियों और सुनसान रास्तों के बीच अवैध शराब डंप कर गांवों में सप्लाई की जा रही है। सूचना के बाद डोंगरगढ़ पुलिस और स्पेशल टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवव्रत वर्मा, चुम्मन सिन्हा और महेंद्र वर्मा के रूप में हुई है। वहीं मुख्य आरोपी नंदकिशोर वर्मा उर्फ नीतू उर्फ छोटा कट्टी फरार बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक फरार आरोपी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि शराब को अलग-अलग रास्तों से डोंगरगढ़ क्षेत्र तक पहुंचाया जाता था और फिर छोटे सप्लायरों के जरिए गांवों में खपाया जाता था। पुलिस को आशंका है कि यह लंबे समय से संचालित बड़े नेटवर्क का हिस्सा है।
पुलिस के अनुसार डोंगरगढ़ और आसपास का इलाका मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र बॉर्डर से जुड़ा होने के कारण अंतर्राज्यीय शराब तस्करी का बड़ा कॉरिडोर बनता जा रहा है। पिछले कुछ महीनों में मुसराखुर्द, बसंतपुर और अन्य बॉर्डर इलाकों में भी बड़ी मात्रा में शराब पकड़ी जा चुकी है।
आंकड़ों के मुताबिक पिछले एक महीने में जिले में आबकारी एक्ट के 135 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं और करीब 147 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। वहीं बीते छह महीनों में करीब 11 लाख रुपए की 880 लीटर अंतर्राज्यीय शराब जब्त की जा चुकी है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी है।





