May 15, 2026

नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी: 4 लाख की मांग, 2 लाख लेकर आरोपी गिरफ्तार

डोंगरगढ़। नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां बेरोजगारी का फायदा उठाकर एक महिला से लाखों रुपये ठग लिए गए। मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम अछोली निवासी 33 वर्षीय महिला ललिता सिंह ने थाना डोंगरगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि नवंबर 2025 में आशीष पुर्ती और उसका साथी काली राम पार्कर (निवासी जिला दुर्ग) ने उन्हें एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में काउंसलर पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया।

आरोपियों ने नौकरी दिलाने के एवज में कुल 4 लाख रुपये की मांग की थी, जिसमें से पीड़िता से एडवांस के रूप में 2 लाख रुपये ले लिए गए। पीड़िता का आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपियों ने न तो नौकरी दिलाई और न ही पैसे वापस किए। लंबे समय तक टालमटोल के बाद जब सच्चाई सामने आई, तब महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए डोंगरगढ़ पुलिस ने जांच शुरू की और मुख्य आरोपी आशीष पुर्ती (43 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 04, अंश होटल के पीछे, डोंगरगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को 14 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस घटना ने एक बार फिर नौकरी के नाम पर हो रही ठगी के मामलों को उजागर किया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर नौकरी के नाम पर पैसे न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।