May 15, 2026

डोंगरगढ़ में शादी समारोह में चाकूबाजी, युवक की मौत, गांव में तनाव

डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ ब्लॉक के ग्राम रामाटोला में शादी समारोह के दौरान पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। चाकूबाजी की इस घटना में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल बताया जा रहा है। मृतक की पहचान योमिश सिन्हा के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ग्राम सांखरा में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान मृतक का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते रविवार देर रात रामाटोला में चल रहे एक अन्य शादी समारोह में आरोपियों ने उसे घेर लिया। पहले मारपीट की गई, इसके बाद चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच जारी है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।