बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित बाउंसर निखिल गोस्वामी हत्याकांड को लेकर परिजनों और गोस्वामी समाज में भारी आक्रोश है। घटना के पांच दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मंगलवार को परिजन और समाज के प्रतिनिधि एसएसपी कार्यालय पहुंचे तथा ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।
चार नामजद आरोपी, गिरफ्तारी अब तक नहीं
परिजनों का कहना है कि 4 जून को हुई हत्या के मामले में चार आरोपियों की पहचान हो चुकी है, लेकिन सभी आरोपी अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। इसे लेकर समाज के लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इतनी गंभीर वारदात के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना चिंताजनक है।
पत्नी से संबंधों के शक में हत्या का आरोप
पुलिस जांच के अनुसार, ग्राम पथर्रा निवासी 27 वर्षीय निखिल भारती गोस्वामी की हत्या कथित रूप से पत्नी से संबंधों के शक में की गई। आरोप है कि मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर पत्थर से कुचला
बताया गया कि घटना वाली रात निखिल अपने दो दोस्तों के साथ अमने मोड़ के पास बैठा था। इसी दौरान बाइक सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और विवाद शुरू हो गया। आरोपियों ने पहले निखिल की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका और फिर पत्थर से उसके सिर व शरीर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल निखिल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
विशेष टीम कर रही तलाश
घटना के बाद कोटा थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
समाज ने की सख्त कार्रवाई की मांग
गोस्वामी समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि निखिल एक होनहार युवक था और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाता था। समाज ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने परिजनों को जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।




