March 3, 2026

डोंगरगढ़ में अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप, हत्या की आशंका

डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अछोली नाला में एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। महिला का चेहरा किसी भारी वस्तु से बुरी तरह कुचला हुआ पाया गया है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद डोंगरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञ और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया, जिन्होंने मौके से साक्ष्य जुटाने और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। आसपास के गांवों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि हत्या वहीं हुई या शव को किसी अन्य स्थान से यहां फेंका गया।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और घटना की प्रकृति का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।