50 लाख लेकर फरार हुआ ड्राइवर, बाद में गिरफ्तार
राजधानी रायपुर के खम्हारडीह इलाके में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां कंस्ट्रक्शन कारोबारी के 50 लाख रुपये लेकर उसका ही ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णा साहू को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
गुटखा लाने के बहाने दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार कारोबारी उमेश अग्रवाल ने 24 अप्रैल को अपने अकाउंटेंट भूपेंद्र देवांगन को 50 लाख रुपये बैंक में जमा करने भेजा था। बैंक बंद होने के बाद लौटते समय गीतांजलि नगर के पास ड्राइवर ने चालाकी से अकाउंटेंट को गुटखा लाने के बहाने गाड़ी से उतारा और मौके का फायदा उठाकर नगदी लेकर फरार हो गया।
एक साल से काम कर रहा था आरोपी, भरोसे का उठाया फायदा
पुलिस के मुताबिक आरोपी कृष्णा साहू पिछले एक साल से ड्राइवर के रूप में कार्यरत था और उसने मालिक का भरोसा जीत लिया था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद वह अपने भाठागांव स्थित घर भी नहीं पहुंचा, जिससे संदेह और गहरा गया।
धमतरी तक खंगाली लोकेशन, आखिरकार गिरफ्तारी
आरोपी मूल रूप से धमतरी का रहने वाला है। पुलिस ने उसकी तलाश में कई जगह दबिश दी और आखिरकार उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और रकम की बरामदगी को लेकर भी कार्रवाई जारी है।
कर्ज के दबाव में उठाया कदम, सभी एंगल पर जांच
सूत्रों के अनुसार आरोपी पर कर्ज का दबाव होने की बात सामने आ रही है, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस इस पहलू समेत सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। साथ ही कारोबारी से भी लेन-देन को लेकर पूछताछ की जा रही है।




